अजीत पार्थ न्यूज बस्ती
जनपद के पुलिस महकमे में शुक्रवार को हड़कंप मच गया, जब थाना परसरामपुर के प्रभारी थानाध्यक्ष के विगत 24 घंटे से गायब होने की खबर वायरल हो गई। सूचना के अनुसार थाने में उपनिरीक्षक पद पर तैनात अजय कुमार गौड़ को थानाध्यक्ष विश्वमोहन राय के अवकाश पर जाने के वजह से प्रभारी थानाध्यक्ष बनाया गया था। लेकिन गुरुवार की शाम से ही प्रभारी थानाध्यक्ष अजय कुमार गौड़ के साथ में रहने वाले सीयूजी नंबर एवं निजी नंबर बंद बता रहा है, जिससे उनका लोकेशन नहीं मिल पा रहा है।

सूचना के अनुसार लापता दारोगा का वाहन अमहट घाट चौकी के निकट संदिग्ध स्थिति में खड़ा हुआ पाया गया है। वह मूल रूप से देवरिया जनपद के निवासी बताए जा रहे हैं। फिलहाल नवागत पुलिस अधीक्षक डॉ.यशवीर सिंह द्वारा शुक्रवार को जनपद में पदभार ग्रहण किया गया है और पद भार ग्रहण करते ही विभाग का बड़ा प्रकरण उनके समक्ष आ गया।
उक्त मामले में उच्चाधिकारियों द्वारा कुछ भी बताने से बचा जा रहा है। क्षेत्राधिकारी हरैया स्वर्णिमा सिंह के अनुसार गायब हुए उपनिरीक्षक का अभी तक पता नहीं चल पाया है। उनके परिजनों तथा रिश्तेदारों से विभागीय बातचीत चल रही है। फिलहाल वह 24 घंटे से क्यों गायब हैं, इसके कारणों का पता अभी तक नहीं चल पाया है।


