बारात से लौट रही अर्टिगा कार अनियंत्रित होकर पलटी,तीन युवकों की हुई दर्दनाक मौत

अजीत पार्थ न्यूज एजेंसी

जनपद संतकबीरनगर के मेंहदावल थाना क्षेत्र में शुक्रवार की तड़के एक भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना मेंहदावल थाना क्षेत्र के बीएम सिटी मार्ग पर अछीया मोहल्ले के पास हुई, जहां तेज रफ्तार अनियंत्रित अर्टिगा कार अचानक पलट गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार तीन युवकों नें घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सभी मृतक एक बारात में शामिल होकर वापस अपने घर लौट रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार काफी तेज गति में थी। आशंका जताई जा रही है कि चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद कार सड़क किनारे पलट गई। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े।
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान मेंहदावल थाना क्षेत्र के बढ़या ठाठर निवासी मिंटू पांडेय 23, पिंडारी कला निवासी दुर्गेश गुप्ता 25 और बिशनपुर निवासी श्रवण शर्मा 24 के रूप में हुई है। तीनों की मौत की खबर मिलते ही उनके गांवों में मातम पसर गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

दुर्घटना की सूचना पर मेंहदावल पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहन से शवों को बाहर निकलवाया। पुलिस नें शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

थाना प्रभारी सुरेन्द्र कुमार सिंह के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला तेज रफ्तार और वाहन के अनियंत्रित होने का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

error: Content is protected !!