ननिहाल में रहकर रोजी-रोजगार करने वाला युवक,अवसाद में आकर अपने ऊपर डीजल उड़ेलकर लगाया आग,गंभीरावस्था में अस्पताल में कराया गया भर्ती

अजीत पार्थ न्यूज बस्ती

जनपद मुंडेरवा थाना अंतर्गत बस्ती-कांटे मार्ग पर एक बीयर की दुकान के सामने मंगलवार की दोपहर एक सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया। सूचना के अनुसार एक युवक द्वारा अपने शरीर पर डीजल उड़ेलकर आग लगा लिया गया। युवक को जलता हुआ देखकर मौके पर मौजूद लोगों द्वारा आग को बुझाने के साथ स्थानीय पुलिस को सूचित किया गया। सूचना के बाद मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष मुंडेरवा प्रदीप सिंह द्वारा 108 एंबुलेंस की मदद से युवक को जिला चिकित्सालय भेजवाया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार की दोपहर करीब साढ़े बारह बजे गोरखपुर जनपद के ग्राम बैदौली कटसहरा निवासी सचिन गौड़ उर्फ राज 25 पुत्र शिवशंकर जो कि वर्तमान समय में मुंडेरवा थाना क्षेत्र के ग्राम जगदीशपुर में अपने नाना मोलहू के घर पर रहकर टेंपो चलाने का काम करता है। सचिन द्वारा हरिओम फिलिंग स्टेशन के बगल में स्थित बीयर की दुकान के सामने डीजल छिड़ककर स्वयं को आग लगा लिया गया।

मौके पर पहुंची पुलिस द्वारा जब उससे पूछताछ किया गया तो उसने बताया कि उसने अवसाद में आकर उक्त कदम उठाया है। घटना के बाद मौके पर उसके मामा कैलाश गौड़ पहुंचे। सूचना के अनुसार युवक की मां श्री कृष्णा मिशन हॉस्पिटल में काम करती है। फिलहाल युवक के द्वारा किए गए उक्त कृत्य की क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं व्याप्त है।

error: Content is protected !!