अजीत पार्थ न्यूज बस्ती
जनपद के लालगंज थाना अंतर्गत मुंडेरवा-लालगंज मार्ग पर बारीघाट ग्राम के निकट ट्रैक्टर- ट्राली की चपेट में आने की वजह से एक महिला की मौत का मामला प्रकाश में आया है। सूचना के अनुसार उक्त महिला रक्षाबंधन पर्व पर अपनी भाई को राखी बांधने मायके आए हुई थी और शनिवार की सुबह राखी बांधने के बाद वह अपने घर लौट रही थी कि इसी दौरान हुए उक्त हादसे में घटनास्थल पर ही महिला की दर्दनाक मौत हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मुंडेरवा थाना क्षेत्र के अशरफपुर ग्राम निवासी मीना देवी उर्फ निन्ना 55 पत्नी भीम शुक्रवार को लालगंज थाना क्षेत्र के बरतनिया ग्राम में अपने भाई को रक्षाबंधन बांधने गई हुई थीं। शनिवार की सुबह वह अपने घर लौट रही थी कि बारीघाट ग्राम के निकट गिट्टी लगे हुए ट्रैक्टर ट्राली की चपेट में आ गईं, जिससे मौके पर ही महिला की मौत हो गई। दुर्घटना की सूचना पर बड़ी संख्या में ग्रामीण इकट्ठा हो गए।
सूचना के अनुसार दुर्घटना कारित करने वाली ट्रैक्टर ट्राली बारीघाट ग्राम निवासी राजन चौधरी की बताई जा रही है। ग्रामीणों के अनुसार मृतका मीना देवी के पति रोजी-रोजगार के सिलसिले में बाहर रहते हैं तथा उनके दो पुत्र दो पुत्रियां हैं। महिला की मौत की सूचना पर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। दुर्घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची स्थानीय पुलिस नें शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।


