अजीत पार्थ न्यूज बस्ती
ग्रामीण अंचल के खिलाड़ियों की प्रतिभा निखारने के लिए एक विद्यालय-एक खेल योजना के तहत माध्यमिक शिक्षा विभाग के स्कूलों में खेल का आयोजन किया जाएगा। इससे गांव की प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का मौका मिलेगा। विद्यालय में छात्र-छात्राओं को शिक्षा के साथ ही खेल में प्रतिभाग कराने का नियम है, लेकिन विद्यालय में खेल की गतिविधियां नाममात्र की देखने को मिलती है।जब खेल प्रतियोगिता कराने के निर्देश जारी किए जाते हैं तो विद्यालय स्तर से सिर्फ खानापूर्ति की जाती है। लेकिन इस बार ऐसा नही हो पायेगा। स्कूलों को विद्यालय में ही खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन करना होगा। इससे खिलाड़ियों में प्रतिभा का निखार मौका मिलेगा।
जनपद में 401 की संख्या में विद्यालय उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद से संचालित होते हैं। जिसमें 23 राजकीय ,70 सहायता प्राप्त और 308 वित्तविहीन विद्यालय संचालित हैं। इसमे एक विद्यालय को एक खेल का चयन करना होगा । जिसमें कबड्डी, खो-खो, दौड़, ऊंचीकूद, लंबी कूद, भाला फेंक, क्रिकेट, फुटबाल, वॉलीबाल, हॉकी,एथलेटिक्स, टेनिस आदि कई खेल शामिल हैं। उक्त प्रतियोगिता के अंतर्गत विद्यालय स्तर पर टीम चयनित होगी। उक्त टीमें पहले विद्यालय फिर ब्लॉक स्तर पर आयोजित होने वाली प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेगी। खिलाड़ियों की प्रतिभा का आकलन कर उन्हें जिला व मंडल स्तर पर होने वाली प्रतियोगिताओं में खेलने का अवसर प्रदान किया जाएगा।
जिला विद्यालय निरीक्षक जगदीश प्रसाद शुक्ल के अनुसार ग्रामीण क्षेत्र में छिपी प्रतिभा को निखारने के लिए खेल योजना संचालित है। खेल प्रतियोगिता के संबंध में सभी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को दिशा-निर्देश जारी किए जा चुके हैं। हर विद्यालय को अपना एक खेल चुनना है।