अजीत पार्थ न्यूज बनकटी बस्ती
जनपद के नगर पंचायत बनकटी अंतर्गत देईसांड़ बाजार में आयोजित संगीतमयी श्रीमद् भागवत महापुराण कथा में उपस्थित श्रद्धालुओं को कथा श्रवण कराते हुए कथा व्यास आचार्य कृष्णेन्द्र जी महाराज श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर श्रीराम देशिक आश्रम बकिया जनपद सतना, मध्य प्रदेश नें कहा कि श्रीमद् भागवत कथा समस्त कथाओं में सर्वश्रेष्ठ कथा है। उक्त कथा का बार-बार श्रवण, मनन तथा चिंतन करना चाहिए। यह कथा भव से पार उतारने वाली कथा है। इस कथा के माध्यम से हम अपनी सात पीढ़ियों के साथ-साथ अपने ननिहाल पक्ष के साथ पीढ़ियों का उद्धार कर सकते हैं। इस कथा का श्रवण बारंबार करने से व्यक्ति इस असार संसार से मुक्ति पा जाता है, और उसे भगवान के श्री चरणों की प्राप्ति होती है।
उन्होंने कथा का विस्तार करते हुए बताया कि श्रीमद् भागवत कथा साक्षात भगवान श्री कृष्ण का इस कलि काल में वांग्मय है। इसके श्रवण एवं दर्शन मात्र से हम विभिन्न प्रकार की पापों से मुक्त हो जाते हैं। उन्होंने कहा कि भगवान का इस धरा धाम में प्राकट्य धर्म की संस्थापना हेतु और अधर्म के विनाश के लिए हुआ था। उन्होंने इस धरती से राक्षसों का संहार किया था। वर्तमान समय में पृथ्वी पर अनाचार, अत्याचार पुनः बढ़ रहा है इस कलि काल के उत्तरार्ध में एक बार पुनः भगवान का जन्म कल्कि अवतार के रूप में होगा, जो पुनः इस धरती पर धर्म संस्थापना करेंगे।
इस दौरान मुख्य यजमान के रूप में मालती देवी, रुद्र नारायण मिश्र, आनंद नारायण मिश्र, सत्यनारायण मिश्र, घनश्याम मिश्र, दीप नारायण मिश्र, शक्ति, हिमांशु, हर्षित, वैष्णवी, दीक्षा, अनमोल, निधि, आयुष, अनुराग, पवन, विनायक एवं क्षेत्रीय तमाम संभ्रांत लोग कथा का श्रवण किए।