अजीत पार्थ न्यूज बस्ती
जनपद के नगर थाना अंतर्गत फुटहिया ओवरब्रिज के नीचे बुधवार की दोपहर एक बड़े हादसे में एक बुजुर्ग दम्पति की दर्दनाक मौत हो गई तथा उक्त दुर्घटना में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गन्ना लदा हुआ ट्रेलर अनियंत्रित होकर अचानक एक ई-रिक्शा पर पलट गया, जिससे उसके नीचे आकर कुल चार लोग दब गए। आसपास मौजूद लोगों द्वारा दुर्घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दिया गया और आनन-फानन में गन्ना हटाने का प्रयास किया गया। इस दौरान काफी मस्सकत के बाद ट्रेलर से गिरे हुए गन्ने के नीचे दबे हुए कुल चार लोगों को घायलावस्था में निकाला गया, जिन्हें आनन-फानन में जिला अस्पताल भेजा गया। जहां पर चिकित्सकों नें गंभीर रूप से घायल पति-पत्नी को मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान भगवानदीन 70 और उनकी पत्नी सोना देवी 65 निवासी सकरावल, रसूलपुर, अलीगंज, जनपद अंबेडकर नगर के रूप में हुई। सूचना के अनुसार उक्त दोनों लोग अपने ससुराल से लौटकर फुटहिया तिराहे पर उतरे थे और कलवारी की तरफ जाने वाले सवारी वाहन को पकड़ने के लिए खड़े थे। तभी अनियंत्रित ट्राले के चपेट में आ गए।
इसी के साथ ई-रिक्शा की पहचान चंद्रपाल सिंह पुत्र शिवपूजन सिंह निवासी महरीपुर, थाना नगर, बस्ती के रूप में हुई। उक्त दुर्घटना में दो अन्य घायलों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस दुर्घटना में मृत हुए लोगों के परिजनों को सूचित किया। पुलिस के अनुसार उनके आने के बाद तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। दुर्घटना के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया।
स्थानीय लोगों के मुताबिक वर्तमान समय में चीनी मिल संचालित हो जाने की वजह से अवैध अनियंत्रित ट्राले अधिक मात्रा में गन्ने को लादकर जनपद की विभिन्न सड़कों पर दौड़ लगा रहे हैं। जिससे आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। विगत वर्ष भी जनपद में कई लोगों ने अवैध अनियंत्रित गन्ने लदे हुए ट्राले की चपेट में आकर अपनी जान गवाएं थे। सूत्रों के मुताबिक ट्रैक्टरों से संचालित उक्त ट्राले से गन्ने की ढ़ुलाई सस्ती पड़ती है और सरकार को इनको कोई टैक्स नहीं देना पड़ता है। उक्त ट्रालों के संचालन में प्रदेश का बड़ा सिंडिकेट दिमाग लगाकर मोटी कमाई कर रहा है।


