अजीत पार्थ न्यूज बस्ती
ग्राम पंचायतों के मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान के रफ्तार को बीएलओ अपने कार्यप्रणाली से ब्रेक लगा रहे हैं। स्थित यह है कि ग्राम पंचायत में अभी तक बहुत से ग्रामों में नए मतदाता जोड़ने की प्रक्रिया बहुत धीमी गति से संचालित हो रही है।
इसी मामले में बनकटी विकास खंड के ग्राम पंचायत छितौनी के ग्राम प्रधान अशोक उर्फ मोनू एवं बीएलओ पद पर कार्यरत शिक्षामित्र लक्ष्मी चौधरी के पति हरिश्चंद्र का 3 मिनट 9 सेकंड एवं 4 मिनट 11 सेकंड का दो मोबाइल रिकॉर्डिंग वायरल हो रहा है। जिसको लेकर विकास खंड में तरह-तरह की चर्चाएं बनी हुई हैं, और बीएलओ के पति हरिश्चंद्र द्वारा प्रधान प्रतिनिधि पिकौरा शुक्ल ताहिर हुसैन को अभद्र भाषा में गाली देने से ग्राम प्रधानों में रोष व्याप्त है।
उल्लेखनीय है कि ग्राम पंचायत छितौनी के ग्राम प्रधान अशोक उर्फ मोनू द्वारा बीएलओ लक्ष्मी देवी के पति हरिश्चंद्र के मोबाइल पर अपने ग्राम पंचायत में नए मतदाताओं की संख्या बढ़ाने के लिए फार्म-6 के विषय में पूछताछ किया जा रहा था। जिस पर बीएलओ के पति हरिश्चंद्र द्वारा अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए प्रधान को एसडीएम, जिलाधिकारी, कमिश्नर, डीआईजी एवं मुख्यमंत्री तक जाने की सलाह दिया गया और यहां तक कहा गया कि जब समय मिलेगा तब ग्राम पंचायत के मतदाताओं का नाम बढ़ाया जाएगा।
इसी बातचीत में बात आगे बढ़ने पर बीएलओ के पति हरिश्चंद्र द्वारा पिकौरा शुक्ल के प्रधान प्रतिनिधि ताहिर को अभद्र भाषा में गाली देने का भी मामला प्रकाश में आया है। फिलहाल उक्त प्रकरण को लेकर वायरल रिकॉर्डिंग क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। उक्त वायरल रिकॉर्डिंग की पुष्टि अजीत पार्थ न्यूज नहीं करता है। फिर भी बीएलओ के पति के अभद्र व्यवहार के प्रति ग्राम प्रधानों में रोष व्याप्त है।
उक्त प्रकरण में प्रधान संघ के ब्लाक अध्यक्ष रविचंद्र पांडेय का कहना है कि बीएलओ के कार्यप्रणाली के संबंध में विभिन्न ग्राम पंचायतों से शिकायतें आ रही हैं। पिकौरा शुक्ल के प्रधान प्रतिनिधि को बीएलओ के पति द्वारा गाली देने का मामला संघ के संज्ञान में आया है। उक्त प्रकरण को लेकर संगठन द्वारा खंड विकास अधिकारी को ज्ञापन दिया जाएगा। खंड विकास अधिकारी द्वारा न्याय न मिलने पर एसडीएम एवं जिलाधिकारी महोदय से कार्रवाई की मांग की जाएगी। अगर बीएलओ के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुआ तो प्रधान संघ जनपद मुख्यालय पर धरना प्रदर्शन करेगा।


