बीस अप्रैल को था युवती का विवाह, संदिग्ध परिस्थिति में ट्रेन से कटकर हुई मौत, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

अजीत पार्थ न्यूज एजेंसी

जनपद गोरखपुर के थाना खोराबार क्षेत्र में शनिवार को एक युवती की संदिग्ध परिस्थिति में ट्रेन से कटकर मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई, वहीं परिजनों में कोहराम मच गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार को दोपहर करीब तीन बजे युवती का शव मोतीराम अड्डा रेलवे लाइन पर धोबीघाट के सामने स्थित रेलवे पुल के पास पड़ा हुआ प्राप्त हुआ। सूचना पर स्थानीय पुलिस और रेलवे पुलिस मौके पर पहुँची।
मृतका की पहचान झंगहा थाना क्षेत्र के शिवपुर कुर्मियान टोला निवासी अंकिता चौधरी 24 पुत्री राजेश चौधरी के रूप में हुई।

परिजनों के अनुसार अंकिता अपने छः बहनों में सबसे बड़ी थी और उसका विवाह आगामी 20 अप्रैल को होना तय था। घर में विवाह की तैयारियों के बीच हुए उक्त घटना से परिवार शोक में डूबा हुआ है। युवती की असामयिक मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। युवती उक्त दुर्घटना की कैसे शिकार हुई इसकी जानकारी अभी तक नहीं मिल पाई है।

error: Content is protected !!