∆∆•••ए.एच.इंटर कालेज पैडी सेमरियावां का मामला
∆∆••• डीआईओएस नें विद्यालय को डीबार करने के लिए बोर्ड को लिखा पत्र
अजीत पार्थ न्यूज एजेंसी संतकबीरनगर
जनपद के सेमरियावां क्षेत्र के ए. एच. इंटर कॉलेज पैडी में इमला बोलकर नकल कराने के आरोप में विद्यालय संचालक पर मुकदमा दर्ज किया गया है। नकल कराने व बदसलूकी करने के आरोप में जिला विद्यालय निरीक्षक नें विद्यालय को डिबार करने के लिए पत्र सचिव माध्यमिक शिक्षा परिषद को भेजा है। जिससे जिले के माध्यमिक शिक्षा में हड़कंप पहुंचा हुआ है।
उक्त प्रकरण में थानाध्यक्ष दुधारा को दिए गए तहरीर में जिला विद्यालय निरीक्षक हरिश्चंद्र नाथ नें कहा है कि दिनांक 23 फ़रवरी को आयोजित द्वितीय पाली इण्टरमीडिएट जीव विज्ञान परीक्षा में अधोहस्ताक्षरी द्वारा परीक्षा केन्द्र ए.एच.इंटर कालेज पैड़ी का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान कक्ष संख्या-06 में परीक्षार्थियों के प्रश्नपत्रों पर ही प्रश्नों का हल पेन्सिल से करवाया गया था।
कक्ष के समस्त परीक्षार्थियों की उत्तर पुस्तिकाओं पर भी कुछ प्रश्नों का हल एक समान रूप से किया गया था। तत्पश्चात् उपस्थित परीक्षार्थियों से पूछताछ में बताया गया कि किसी शिक्षक द्वारा कक्ष में उपस्थित होकर सभी परीक्षार्थियों को प्रश्नों का उत्तर बताया गया है। सीसीटीवी रिकार्डिग का बैकअप देखा गया जिसमें बीच-बीच में सीसीटीवी बन्द पाया गया। जिससे स्पष्ट है कि परीक्षा केन्द्र पर कक्षा संख्या-6 में सामूहिक नकल करायी जा रही थी। परीक्षा समाप्ति के तत्काल बाद (उत्तर पुस्तिका सीलिंग पैकिंग के पूर्व हीं) सुहेल अहमद नामक व्यक्ति परिसर में आ गया जो अपने आपको संस्था का संचालक बता रहा था। उसके द्वारा सचल दल सदस्यों पर प्रकरण में कोई कार्यवाही न किये जाने का दबाव बनाने का अनुचित प्रयास किया गया ।
तहरीर में उन्होंने लिखा है कि जिससे स्पष्ट होता है कि परीक्षा केन्द्र पर नकल कराने की गतिविधियों में विद्यालय संचालक की अहम भूमिका के साथ केन्द्र व्यवस्थापक एवं कक्ष निरीक्षकों की भी भूमिका संदिग्ध प्रतीत होती है। अतः उपरोक्त के विरूद्ध उ०प्र0 सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अधिनियम 2024 की सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत करते हुए आवश्यक विधिक कार्यवाहीं करने का कष्ट करें।
डीआईओएस नें बदले केंद्र व्यवस्थापक व अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापक
संत कबीर नगर
जिला विद्यालय निरीक्षक हरिश्चंद्र नाथ नें विद्यालय में तैनात केंद्र व्यवस्थापक, अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापक को तत्काल प्रभाव से हटा दिया है। राजकीय उ.मा.वि.सालेपुर के प्रधानाध्यापक रंजीत कुमार चौरसिया को केंद्र व्यवस्थापक व राष्ट्रीय इंटर कॉलेज बौरब्यास के प्रधानाचार्य अवधराज को अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापक का प्रभार सौंपा गया है। सह केंद्र व्यवस्थापक की जिम्मेदारी वित्तविहीन इसरार अहमद को सौंपी गई है।


