टोल टैक्स बचाने के चक्कर में अनियंत्रित ट्रेलर नें कार और टेंपो को मारा जोरदार टक्कर, एक महिला सहित तीन लोगों की हुई दर्दनाक मौत, तीन अन्य गंभीर रूप से घायल

अजीत पार्थ न्यूज बस्ती

जनपद के कोतवाली थाना अंतर्गत हरदिया चौराहे पर स्थित पेट्रोल पंप के पास रविवार को हुए एक भीषण सड़क हादसे में कुल तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उक्त दुर्घटना में तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आनन-फानन में सभी घायलों को इलाज हेतु जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां पर चिकित्सकों नें एक महिला सहित कुल तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया। जबकि उक्त दुर्घटना में घायल टेंपो चालक सहित दो अन्य लोगों का गंभीरावस्था में इलाज चल रहा है। जिसमें से एक के परिजन गंभीर रूप से घायल युवक को हायर सेंटर इलाज हेतु ले गए हैं।

फाइल फोटो- मृतका प्रीति शुक्ला 

प्राप्त जानकारी के अनुसार हरदिया चौराहे पर एक अनियंत्रित ट्रेलर नें स्विफ्ट कार और भानपुर से बस्ती आ रहे ऑटो रिक्शा संख्या यूपी 51 सीटी 5980 को जोरदार टक्कर मार दिया। टक्कर इतनी भयानक थी कि मौके पर अफरातफरी मच गई। उक्त हादसे में प्रीति शुक्ला 45 पत्नी बृजेश शुक्ला निवासी बनतला, जनपद बस्ती एवं अमरजीत 25 पुत्र मेंहीलाल निवासी ग्राम खड़ौआ, थाना नगर, बस्ती तथा एक अन्य अज्ञात युवक की मौके पर ही मौत हो गई। उक्त दुर्घटना में टेंपो चालक के साथ-साथ संतोष कुमार एवं दिनेश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों का बस्ती जिला चिकित्सालय के ट्रामा सेंटर में इलाज चल रहा था कि इसी बीच मौके पर पहुंचे एक घायल के परिजनों द्वारा गंभीर रूप घायल युवक को हायर सेंटर ले जाया गया।

दुर्घटना के बाद सीओ सिटी सत्येंद्र भूषण तिवारी मौके पर पहुंचे और राहत और बचाव कार्य का मोर्चा संभाला तथा मृतकों तथा घायलों के परिजनों को सूचित करने का प्रयास किया गया। फिलहाल उक्त दुर्घटना में तीन लोग असमय ही कालकवलित हो गए हैं। पुलिस द्वारा सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। सूचना के अनुसार प्रशासन रात में ही तीनों मृतकों के शव का पोस्टमार्टम करने की तैयारी कर रहा है। जिला अस्पताल में बड़ी संख्या में मृतकों तथा घायलों के परिजन और शुभचिंतकों की भीड़ देखी गई। तीन लोगों के असामयिक मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि टोल प्लाजा बचाने के चक्कर में बड़ी गाड़ियां घूमकर उक्त हरदिया चौराहे पर आती हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं।

error: Content is protected !!