अजीत पार्थ न्यूज एजेंसी
जनपद संतकबीरनगर में हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो पत्रकारों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य पत्रकार गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-28 गोरखपुर लखनऊ हाईवे पर रविवार की रात मगहर पुलिस चौकी क्षेत्र के रसूलाबाद स्थित इंडियन आयल पेट्रोल पंप के निकट उक्त हादसा हुआ। सूचना के अनुसार गोरखपुर से लखनऊ की तरफ जा रही डीसीएम अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार कर गई और दूसरे लेने में सामने से आ रहे वैगन आर कार संख्या यूपी 53 एएस 4404 को जोरदार टक्कर मार दिया। टक्कर इतना भयानक था कि कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई और मौके पर चीख-पुकार मच गया।
उक्त हादसे में कार सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस की टीम और स्थानीय लोगों तथा पेट्रोल पंप कर्मियों की मदद से कार में फंसे चालक को दरवाजा तोड़कर बाहर निकाला गया। सभी घायलों को 108 एंबुलेंस की सहायता से जिला चिकित्सालय संतकबीरनगर भेजा गया। जहां पर चिकित्सकों नें धनंजय पांडेय 35 निवासी नौरंगिया, जनपद कुशीनगर एवं शंभू मिश्रा 45 निवासी खड्डा, जनपद कुशीनगर को मृत घोषित कर दिया तथा हादसे में घायल सुदेश मिश्रा 42 व रमन कुमार 42 की हालत गंभीर बनी हुई है। इनका इलाज जिला चिकित्सालय में चल रहा है।
स्थानीय पुलिस दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और डीसीएम वाहन स्वामी सहित मृतकों एवं घायलों के परिजनों को दुर्घटना की सूचना दे दी गई है। उक्त दर्दनाक दुर्घटना से विभिन्न पत्रकार संगठनों नें शोक जताया है।


