रामनवमी के दिन संपन्न हुए 1251 कुंडीय महायज्ञ के यज्ञशाला में लगी भीषण आग,पांडाल में मचा हड़कंप, प्रदेश के मंत्री की अध्यक्षता में हो रहा था यज्ञ

अजीत पार्थ न्यूज एजेंसी

भगवान राम की नगरी अयोध्या मे शनिवार की दोपहर अफरातफरी का माहौल देखा गया। सूचना के अनुसार कोतवाली थाना क्षेत्र के माझा जमथरा स्थित सरयू नदी के तट पर चल रहे 1251 कुंडीय महालक्ष्मी महायज्ञ के यज्ञशाला में अज्ञात कारणों से आग लग गई। आग लगने से मौके पर अफरातफरी का माहौल मच गया।

उल्लेखनीय कि उक्त महयज्ञ जमथरा माझा में बाटी बाबा स्थान के निकट जीयर स्वामी के नेतृत्व में कराया जा रहा था। जिसमें बांस-बल्ली और बड़ी मात्रा में कपड़ों से भारी भरकम यज्ञशाला का निर्माण कराया गया था। उक्त महायज्ञ का समापन रामनवमी के दिन हो गया था। किंतु शनिवार को यज्ञशाला में विविध आयोजन एवं अनुष्ठान सम्पन्न कराए जा रहे थे।

सूचना के अनुसार उक्त महायज्ञ में कई राज्यों की भारी भीड़ इकट्ठा हुई थी। महायज्ञ की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश सरकार के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह कर रहे थे। आग लगने की सूचना पर मौके पर आधा दर्जन की संख्या में फायर ब्रिगेड की गाड़ियां पहुंच चुकीं थीं। आग की लपटें इतनी भीषण थी कि लोग इधर-उधर भाग रहे थे और काफी मशक्कत के बाद फायर ब्रिगेड नें उक्त आग पर काबू पाया।

आग बुझाने के लिए जनपद मुख्यालय तथा अयोध्या मेला ड्यूटी में लगे हुए फायरदस्तों को भी बुलाया गया। इस दौरान मौके पर परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह सहित मंडलायुक्त राजेश कुमार, जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर, पूर्व मेयर ऋषिकेश उपाध्याय सहित तमाम जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

दुर्घटना के विषय में मुख्य अग्निशमन अधिकारी एमपी सिंह नें बताया कि आग पर काबू पा लिया गया है। किसी भी प्रकार की जन एवं पशु हानि की सूचना नहीं है। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच कराई जा रही है। उक्त आग लगने की घटना से बड़ी मात्रा में पंडाल के अंदर रखा हुआ विभिन्न सामान जल गया है।

error: Content is protected !!