रक्तरंजित बोरे में भरा हुआ मिला सफाई कर्मचारी का शव, हत्या की आशंका, पुलिस कर रही है मामले की जांच

अजीत पार्थ न्यूज संवाददाता छावनी बस्ती

जनपद के छावनी थाना अंतर्गत विठलापुर ग्राम के निकट नहर के माइनर में सोमवार की सुबह करीब सात बजे संदिग्ध परिस्थिति में एक युवक का शव बोरे में भरा हुआ प्राप्त हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक उक्त बोरे से खून का रिसाव हो रहा था।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार की सुबह करीब सात बजे गांव के कुछ लोग गेहूं की मड़ाई हेतु सीवान की तरफ जा रहे थे। तभी नहर के पास उक्त शव दिखाई दिया। शव कमर तक बोरे में भरा हुआ था, जबकि पैर का हिस्सा बाहर निकला हुआ था तथा सिर खून से सना होने के कारण मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा था।

घटना की सूचना पर बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और मृतक की पहचान विनय वर्मा 40 पुत्र रामफेर वर्मा निवासी ग्राम एकला के दड़वापुर के रूप में हुई। ग्रामीणों के मुताबिक मृतक सफाई कर्मचारी के पद पर विकास खंड हरैया के बरगदवा माफी ग्राम में तैनात था, और वह बस्ती जिला मुख्यालय पर बच्चों की पढ़ाई हेतु किराए पर कमरा लेकर परिवार सहित रहता था।

शनिवार की देर रात को वह अपने पैतृक गांव एकला आया हुआ था और रविवार को दिन में वह गेहूं की मड़ाई के लिए खेत में गया हुआ था। देर रात तक जब वह वापस नहीं लौटा तो, परिजनों नें उसकी काफी खोजबीन किया। लेकिन उसका पता नहीं चल पाया। सोमवार की सुबह में जब ग्रामीणों द्वारा खून से सने हुए बोरे के बारे में जानकारी दी गई तो परिजन मौके पर पहुंचे और युवक की पहचान विनय वर्मा के रूप में किया।

घटना की सूचना पर थानाध्यक्ष छावनी चंदन कुमार मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा घटना के कारणों की जांच में जुट गए। फिलहाल युवक की निर्मम तरीके से बोरे में भरे हुए शव को देखकर क्षेत्र में सनसनी फैली हुई है।

error: Content is protected !!