अजीत पार्थ न्यूज बस्ती
जनपद के लालगंज थाना क्षेत्र के बनकटी ब्लाक मुख्यालय पर रविवार की शाम करीब साढ़े चार बजे एक दारोगा के कोप का भाजन एक किशोर बन गया। सूचना के अनुसार ब्लॉक मुख्यालय के थाना मोड़ पर लालगंज थाना क्षेत्र के ग्राम कुढ़वा निवासी गौतम राजभर गन्ना पेरने की मशीन लगाता है। वह दोपहर बाद किसी काम से घर चला गया था और दुकान पर उसका बेटा विकास कुमार 14 बैठा हुआ था। इसी दौरान मौके पर लालगंज थाने के चर्चित दारोगा अपनी बाइक के साथ पहुंचे और गन्ने के ठेले के आगे अपनी मोटरसाइकिल खड़ा कर कहीं चले गए।

इसी बीच न जाने किसी नें दारोगा के बाइक पर पान की पींचे मार दिया। थोड़ी देर बाद बाइक के पास पहुंचे दारोगा नें देखा कि उनकी बाइक पर किसी नें पान खाकर थूक दिया है। जिससे वह अपना आपा खो बैठे और गन्ने के जूस के ठेले पर बैठे हुए विकास कुमार से पूछताछ करने लगे। उसने उक्त मामले में अनभिज्ञता जाहिर किया। जिसे सुनकर दारोगा जी की त्यौरी चढ़ गई और किशोर विकास राजभर के गाल पर तमाचा जड़ते हुए, उसी से बाइक को कपड़े से पोंछवाया।
उसके बाद वह बाइक लेकर थाने चले गए। उक्त घटना की जानकारी बेटे और स्थानीय लोगों के माध्यम से किशोर के पिता गौतम राजभर को हुई, तो उसने विरोध दर्ज कराते हुए लालगंज थाने में लिखित तहरीर दिया है।
बाकौल गौतम राजभर उसके बेटे का इलाज गोरखपुर से चल रहा है। फिलहाल पुलिस उक्त मामले की जांच कर रही है। उक्त घटना के बारे क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं व्याप्त हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक दारोगा जी बनकटी चौराहे पर हूटर वाली बाइक चलाने के लिए चर्चित हैं।


