अनहोनी घटना: घोड़ागाड़ी में जुता हुआ घोड़ा बिदककर हुआ जानलेवा,अधेड़ की हुई दर्दनाक मौत 

अजीत पार्थ न्यूज बस्ती

पूर्वांचल एवं अवधी क्षेत्र में एक कहावत प्रचलित है कि हिल्ले रोजी और बहाने मौत… अर्थात व्यक्ति का रोजगार किसी व्यक्ति से अचानक जुड़ने से मिल जाता है, और मौत कोई न कोई बहाना बनकर आ जाती है…। कुछ इसी तरीके की अनहोनी घटना शुक्रवार की दोपहर बस्ती जनपद के पुरानी बस्ती थाना अंतर्गत रेलवे स्टेशन से सटे मालगोदाम मार्ग पर हुआ।

फाइल फोटो- मृतक अरविंद कुमार चतुर्वेदी 

जब एक घोड़ागाड़ी में जुता हुआ घोड़ा अचानक बिदककर सड़क पर तेज रफ्तार में दौड़ने लगा और इसी दौरान तेज गर्मी से सड़क पर मुंह धो रहे ट्रक मालिक को अपने चपेट में ले लिया। जिससे उनके मुंह समेत जबड़े और गर्दन में गंभीर चोटें लगने की वजह से वह घायल होकर सड़क पर गिरकर तड़पने लगे। इस दौरान मौके पर मौजूद अन्य साथी ट्रक मालिकों नें उन्हें आनन-फानन में जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां पर चिकित्सकों नें उन्हें मृत घोषित कर दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार कोतवाली थाना अंतर्गत मोहल्ला पिकौरा, गांधीनगर निवासी अरविंद कुमार चतुर्वेदी 56 पुत्र नर्वेश्वर चतुर्वेदी ट्रक चलवाने का कार्य करते थे। शुक्रवार की सुबह वह नित्य की भांति रेलवे स्टेशन स्थित माल गोदाम पर पहुंचे और दोपहर में अत्यधिक गर्मी होने की वजह से सड़क के किनारे खड़े होकर पानी से अपना चेहरा धो रहे थे। इसी दौरान व्यावसायिक मार्केट बरदहिया बाजार की तरफ से एक घोड़ागाड़ी में जुता हुआ घोड़ा अचानक बिदक गया और वह बेकाबू होकर तेज रफ्तार में सड़क पर दौड़ने लगा।

इसी दौरान बग्घी में लगा हुआ बांस अरविंद कुमार चतुर्वेदी के जबड़े,मुंह सहित गर्दन में बहुत तेजी के साथ लग गया और वह सड़क पर गिरकर तड़पने लगे। स्थानीय लोगों के मुताबिक घोड़ा गाड़ी का टायर पंचर हो गया था। इस दौरान घोड़ागाड़ी चालक घोड़े सहित गाड़ी को खड़ा कर पंचर बनवाने की व्यवस्था कर रहा था। तभी अचानक घोड़ा गंभीर रूप से बिदक गया और बग्घी समेत तेज रफ्तार में दौड़ते हुए उक्त घटना कारित कर दिया।

उल्लेखनीय है कि मृतक अरविंद चतुर्वेदी के कोई संतान नहीं थी। उक्त घटना से उनकी पत्नी सरोज चतुर्वेदी का रो-रोकर बुरा हाल है। वह है चार भाइयों में तीसरे स्थान पर थे। दुर्घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। इस दौरान अस्पताल पहुंची पुरानी बस्ती पुलिस नें शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। स्थानीय लोगों के मुताबिक इस तरीके की मौत की घटना अपने आप में अनहोनी घटना है। लोग इस विषय में तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं।

error: Content is protected !!