अजीत पार्थ न्यूज बनकटी बस्ती
जनपद के लालगंज थाना अंतर्गत देईसांड़ कस्बे के निकट स्थापित 33/11 केवी के विद्युत सब स्टेशन पर काम करने के बाद जा रहे दो लाइनमैनो को आधा दर्जन अज्ञात लोगों द्वारा जमकर पिटाई करने का मामला प्रकाश में आया है। उक्त हमले में दोनों को गंभीर चोटें आई हैं। जानकारी के अनुसार मारपीट में दोनों लाइनमैनो का सिर फूटने के साथ-साथ हाथ की हड्डियां टूट गई हैं। हमले के बाद मौके पर मौजूद अन्य स्टाफ द्वारा दोनों घायल लाइनमैनो को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां पर उनका इलाज चल रहा है।

पुलिस को दिए तहरीर के मुताबिक श्रीकांत राव पुत्र परमात्मा प्रसाद निवासी ग्राम थाल्हापार,थाना लालगंज, बस्ती व कृष्ण कुमार यादव पुत्र जियालाल यादव निवासी ग्राम खोरिया, थाना लालगंज, बस्ती गुरुवार को दोपहर बाद करीब साढ़े तीन बजे बिजली विभाग का कार्य संपादित करने के बाद विद्युत उपकेंद्र बनकटी जा रहे थे कि, इसी दौरान पावर हाउस के निकट पहुंचते ही पांच-छः की संख्या में पहुंचे अज्ञात लोगों द्वारा अचानक बिना किसी बात को लेकर दोनों लाइनमैनो पर लाठी-डंडों से जानलेवा हमला कर दिया गया। जिससे दोनों को गंभीर चोटें आई हैं। उक्त मामले में पीड़ित श्रीकांत राव नें लालगंज पुलिस को तहरीर दिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। उक्त हमले से विद्युत कर्मियों में रोष व्याप्त है।


