अजीत पार्थ न्यूज बस्ती
जनपद के लालगंज थाना क्षेत्र में सोमवार की देर रात करीब साढे नौ बजे एक अधेड़ को दबंगों नें इतनी पिटाई किया कि अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई। हत्या के बाद गांव में अफरातफरी का माहौल मच गया और मृतक पक्ष के ग्रामीण आरोपियों के घर पर चढ़कर तोड़फोड़ मचाने लगे। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष लालगंज विनय कुमार पाठक नें मोर्चा संभाला और उच्चाधिकारियों से वार्ता कर मौके पर बड़ी संख्या में फोर्स तैनात किया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार स्थानीय थाना क्षेत्र के मेहनौना ग्राम निवासी लक्ष्मण निषाद 50 की मोबाइल कहीं गुम हो गई थी। किसी व्यक्ति नें उन्हें बताया कि उक्त मोबाइल पड़ोसी ग्राम कडसरी में है, तो वह उसको लेने के लिए गए हुए थे। रात करीब 9:30 बजे वह बरगदहा पुल की तरफ से गांव वापस आ रहे थे। अभी वह गांव के दक्षिण मनोरमा नदी के तट पर पहुंचे थे कि गांव निवासी सुधाकर पाल व सौरभ पाल सहित दो अन्य लोगों नें उनके ऊपर हमला बोल दिया और इतनी पिटाई किया कि वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना गांव में पहुंचते ही परिजन मौके पर पहुंचे और आननफानन में उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनरहा ले जा रहे थे, कि रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों नें अधेड़ को मृत घोषित कर दिया। मौत की सूचना गांव में पहुंचते ही निषाद समुदाय के लोगों नें आरोपियों के घर पर तोड़फोड़ प्रारंभ कर दिया।
सूचना के अनुसार मेहनौना गांव निवासी अनिल निषाद नें विगत 25 मई को ग्राम कटाईजोत निवासी सोनू चौधरी को अपने आठ बिस्वा जमीन बैनामा कर दिया था। जिसमें आरोपी सुधाकर पाल व सौरभ पाल गवाह थे। जमीन बेचने की सूचना पर दिल्ली में रह रही अनिल निषाद की पत्नी रीता निषाद अपने बेटे के साथ मेहनौना गांव पहुंची और सुधाकर पाल व सौरभ पाल से पूछताछ किया कि उन्होंने उक्त मामले में क्यों गवाही दिया। इसी बात को लेकर सुधाकर पाल और सौरभ पाल नें रीता निषाद के बेटे की पिटाई कर दिया गया था।
उक्त मामले में रीता द्वारा स्थानीय थाने में मुकदमा पंजीकृत करवाया गया था। चूँकि रीता निषाद मृतक लक्ष्मण निषाद की रिश्तेदार थी और वह लक्ष्मण के घर पर रहकर भोजन इत्यादि कर रही थी। आरोपियों को लग रहा था कि लक्ष्मण निषाद रीता को भड़का रहा है। इसी रंजिश में उक्त लोगों नें लक्ष्मण निषाद की पीट-पीटकर हत्या कर दिया। मृतक लक्ष्मण निषाद के पांच बेटियां हैं और उसकी पत्नी कैंसर से पीड़ित है। मृतक नें दो बेटियों का विवाह कर दिया है। उक्त घटना से गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है।
पुलिस सहित स्थानीय अभिसूचना इकाई सहित पीएसी की टीम गांव में गस्त कर रही है। आरोपियों के गिरफ्तारी के लिए लालगंज पुलिस सहित श्वाट, सर्विलांस एवं एसओजी की टीमें अपना जाल फैलाई हुई हैं। पुलिस नें आरोपियों के कुछ परिजनों को हिरासत में लिया है। पुलिस मृतक के पोस्टमार्टम के बाद शव के गांव में पहुंचने पर काफी एहतियात बरत रही है।


