अजीत पार्थ न्यूज बस्ती
जनपद के लालगंज थाने पर तैनात एक महिला सिपाही की शनिवार की सुबह अचानक तबियत खराब होने की वजह से अस्पताल ले जाते समय मौत होने का मामला प्रकाश में आया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार लालगंज थाने में तैनात महिला सिपाही केसरी वर्मा 30 पत्नी नागेंद्र वर्मा दोनों लालगंज थाने पर आरक्षी पद पर तैनात हैं। सूचना के मुताबिक महिला सिपाही केसरी वर्मा विगत 22 अगस्त को अपने गृह जनपद प्रतापगढ़ से छुट्टी पूरी करने के बाद बस्ती लौटने के लिए भाई के साथ बाइक से स्टेशन जा रही थी कि इस दौरान उसकी बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। उक्त हादसे में महिला सिपाही के सिर में गंभीर चोटे आई थीं और उसे चार टांके लगाए गए थे। इस दौरान महिला सिपाही इलाज कराने के बाद लालगंज थाने पर ड्यूटी ज्वाइन कर लिया था।
शनिवार की सुबह करीब चार बजे बनकटी कस्बे में किराए के मकान में रह रही महिला सिपाही केसरी वर्मा की तबियत अचानक बिगड़ गई। इस दौरान उसके पति नागेंद्र वर्मा तथा अन्य सिपाहियों द्वारा उसे आननफानन में कैली अस्पताल ले जाया जा रहा था कि रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। महिला सिपाही की मौत की सूचना थाने पर पहुंचते ही विभाग में हड़कंप मच गया।
जनपद प्रतापगढ़ की मूल निवासी मृतका महिला सिपाही केसरी वर्मा 2018 बैच की सिपाही थी और 2 वर्ष पूर्व अमेठी जनपद के निवासी एवं साल 2020 बैच के सिपाही नागेंद्र वर्मा से उसका विवाह हुआ था। पोस्टमार्टम हाउस पर मृतका महिला सिपाही के पति नागेंद्र वर्मा नें सीआरके बाबू सहित एक अन्य कर्मचारी पर आरोप लगाते हुए कहा है कि उसने अपनी पत्नी की छुट्टी के लिए समस्त मेडिकल प्रमाण पत्र एवं सिटी स्कैन लगाया था लेकिन उसे छुट्टी नहीं दिया गया जिस कारण उसकी पत्नी का सही से इलाज नहीं हो सका। उसने लालगंज थाने में तहरीर देकर आरोपी कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग किया है।
इस दौरान मौके पर पहुंचे क्षेत्राधिकारी रुधौली अनिल सिंह व क्षेत्राधिकारी हरैया स्वर्णिमा सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारियों नें सिपाही नागेंद्र वर्मा को समझाया और कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद अग्रिम कार्यवाही की जाएगी।


