छठघाट मथौली में बारह वर्ष पूर्व दो छठीव्रतियों से शुरू हुआ कारवां, हजारों व्रतियों तक पहुंचा, क्षेत्र के दर्जन भर गांवों की महिलाएं देती हैं अर्घ्य

अजीत पार्थ न्यूज बनकटी बस्ती

लोक आस्था के पर्व छठ का महात्म्य विगत कुछ वर्षों से इतना अधिक बढ़ा है, कि क्षेत्र के छठघाट चंद्रनगर मथौली में दो महिलाओं द्वारा बारह वर्ष पूर्व प्रारंभ किया गया छठ आराधना का व्रत, वर्तमान समय में इतना प्रचलित हुआ कि आज हजारों महिलाओं द्वारा उक्त घाट पर अर्घ्य दिया जा रहा है।

सोमवार को उमड़ते जनसैलाब के बीच डूबते हुए सूर्य को अर्घ्य देने के लिए हजारों की संख्या में भीड़ छठघाट मथौली में उमड़ पड़ी। इस दौरान कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष विवेकानंद मिश्र द्वारा छठघाट पर पहुंचकर छठी माता की आरती वैदिक ब्राह्मणों द्वारा सस्वर वेदमन्त्रों की ऋचाओं के साथ उतारा गया।

इस दौरान उपस्थित श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि छठघाट मथौली की सजावट एवं व्यवस्था सम्पूर्ण जनपद में अपनी विशेष छाप छोड़ रही है। यह लोक आस्था का पर्व है, जिसके प्रचार एवं प्रसार से वर्तमान समय में सनातन संस्कृति सुदृढ़ एवं समृद्ध हो रही है। पूरब से चली यह संस्कृति की बयार पश्चिम तक अपनी पैठ बना चुकी है। कार्यक्रम के विशिष्ट आयोजन के लिए उन्होंने आयोजक इं.अरविंद पाल को विशेष बधाई दिया।

समारोह को संबोधित करते हुए नगर पंचायत बनकटी अध्यक्ष प्रतिनिधि इं.अरविंद पाल नें कहा कि बारह वर्ष पूर्व गांव की मात्र दो छठी व्रती महिलाओं से प्रारंभ हुआ यह कारवां इतना विशाल रूप ले लेगा, इसकी परिकल्पना नहीं की जा रही थी। छठी मैया से उन्हें निरंतर प्रेरणा मिलती है, जिसके कारण वह प्रत्येक वर्ष कुछ न कुछ नवीन करते रहते हैं। आगामी वर्षों में इस व्रत को और विशालतम रुप से करने की योजना है। मथौली छठघाट की विशेषता के कारण ही विगत कई वर्षों से उत्तर प्रदेश सरकार के नगर विकास विभाग की वेबसाइट की गैलरी में इसकी फोटो अपलोड होती रहती है।

इस दौरान उन्होंने कार्यक्रम में पधारे हुए आगंतुकों को चुनरी ओढ़ाकर सम्मानित किया। कार्यक्रम का सफल संचालन प्रधान संघ बनकटी के अध्यक्ष रविचंद्र पांडेय द्वारा किया गया।

इस दौरान प्रमुख रूप से जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि सुरेंद्र कुमार त्रिपाठी, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि रघुनाथ सिंह, ब्राह्मण महासभा के जिलाध्यक्ष राधेश्याम पांडेय”राधे बाबा”, नगर पंचायत अध्यक्ष उर्मिला देवी,सीडीए एकेडमी की निदेशक डॉ.अरुणा पाल,ईओ ऋचा सिंह, अंकित पांडेय, विवेकानंद शुक्ल,लाल सिंह, संजय पाल, संतोष पाल, अतुल पाल, सभासद प्रतिनिधि मोहम्मद वसीम, रोहित दूबे,पवन पाल, जयप्रकाश चौधरी सहित तमाम लोग मौजूद रहे।

error: Content is protected !!