अजीत पार्थ न्यूज बस्ती
जनपद के वरिष्ठ भाजपा नेता एवं वर्तमान समय में संतकबीर नगर जनपद के प्रभारी अजय सिंह गौतम के पिता राम शंकर सिंह की शुक्रवार की शाम इलाज के दौरान मौत हो गई थी। उक्त मौत की खबर अजय सिंह गौतम के भाई राम सिंह के मझले पुत्र देवेश सिंह 25 को दिया गया। देवेश सिंह वर्तमान समय में दिल्ली में थे और वह बाबा की मौत की खबर सुनकर डबलडेकर निजी बस संख्या डीएल 1जीई 4418 द्वारा बस्ती के लिए आ रहे थे।

उक्त बस मथुरा जनपद के सुरीर थाना अंतर्गत यमुना एक्सप्रेसवे के माइलस्टोन संख्या-88 पर रात करीब पौने तीन बजे पहुंची थी कि, इसी दौरान बस में सवार यात्रियों द्वारा बस चालक को लघुशंका की बात बताई गई। बस चालक नें बस को ग्रीनजोन में न खड़ी कर एक्सप्रेस वे के किनारे खड़ी कर दिया और यात्री उतरकर लघुशंका कर रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार कंटेनर द्वारा बस को जोरदार टक्कर मार दिया गया। जिससे अनियंत्रित कंटेनर की चपेट में आने से लघुशंका कर रहे 6 यात्रियों की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। जबकि एक अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गया।

फाइल फोटो- मृतक देवेश सिंह
दुर्घटना की सूचना पर मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष सुरीर अजय कुमार ने राहत और बचाव कार्य जारी कराया और मृतकों के सभी शवों को कब्जे में ले लिया। पुलिस के अनुसार उक्त दुर्घटना में मृत हुए औरैया जनपद के सरवा कटरा निवासी सोनू, बस्ती जनपद के भेलवल,थाना नगर निवासी देवेश सिंह, कन्नौज के गणेश का पुरवा निवासी असलम व दिल्ली के प्रेम नगर निवासी संतोष की शिनाख्त हो गई तथा दो मृतक यात्रियों की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है।
दुर्घटना में औरैया जनपद के बेला निवासी अमर दुबे गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनका इलाज अस्पताल में चल रहा है। दुर्घटना की सूचना नगर थाना क्षेत्र के भेलवल गांव में शनिवार की सुबह करीब आठ बजे पहुंचने पर परिजनों में कोहराम मच गया।
भाजपा नेता अजय सिंह गौतम के सहयोगी एवं विश्व हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष गोपेश पाल के अनुसार मथुरा जनपद के जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह से वार्ता हो गई है। उनके अनुसार मृतक देवेश सिंह का शव पोस्टमार्टम के बाद बस्ती जनपद के लिए रवाना कर दिया गया है। देवेश का दाह संस्कार कुआनो नदी के नीबा घाट पर रविवार को किया जाएगा। फिलहाल उक्त घटना से गांव में मातम पसरा हुआ है।


