स्कूल जाने के लिए सहेली के साथ बस पकड़ने गई छात्रा को अपहरण के नीयत से नशीला पदार्थ सुंघाकर किया बेहोश, बेसुध छात्रा का अस्पताल में चल रहा है इलाज, पुलिस कर रही है मामले की जांच

अजीत पार्थ न्यूज बस्ती

जनपद में गुरुवार की सुबह एक सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया। सूचना के अनुसार कोतवाली थाना क्षेत्र के मालवीय मार्ग पर विद्यालय जाने के लिए निकली एक नाबालिग छात्रा संदिग्ध परिस्थिति में सड़क किनारे बेहोशी की हालत में पाई गई। बच्ची की मां का आरोप है कि बच्ची को नशीला पदार्थ सुंघाकर अपहरण का प्रयास किया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

उल्लेखनीय है कि, उक्त घटना गुरुवार की सुबह करीब आठ बजे का है, छात्रा नित्य की तरह विद्यालय जाने के लिए घर से निकली हुई थी और उसे स्कूल बस पकड़नी थी। जब बच्ची तय समय पर बस में नहीं पहुंची, तो बस चालक और कंडक्टर नें इसकी सूचना परिजनों को दिया। सूचना मिलते ही परिजन बच्ची की तलाश में निकले। इसी दौरान उन्हें कोतवाली थाना क्षेत्र के मालवीय रोड स्थित बादशाह टॉकीज के निकट अमरुतहिया बाग के पास सड़क किनारे छात्रा बेसुध हालत में मिली।

आनन-फानन में परिजन उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां पर उसका इलाज जारी है। परिजनों का कहना है कि बच्ची को किसी अज्ञात महिला नें नशीला पदार्थ सुंघाकर अपहरण करने की कोशिश किया है। हालांकि डर और कमजोरी के कारण बच्ची अभी कुछ भी बताने की स्थिति में नहीं है।

इस संबंध में क्षेत्राधिकारी सदर सत्येंद्र भूषण तिवारी नें बताया कि पीआरवी के माध्यम से घटना की सूचना मिली, बच्ची को जिला अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। घटना की जानकारी के लिए घटनास्थल का निरीक्षण किया गया है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है। जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा। फिलहाल बीच शहर में दिनदहाड़े हुए उक्त घटना से हर कोई हतप्रभ है।

error: Content is protected !!