रेलवे स्टेशन पर मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं को किया गया जागरूक

अजीत पार्थ न्यूज बस्ती

मिशन शक्ति फेज पांच के तहत बुधवार को बस्ती रेलवे स्टेशन पर महिला सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान जीआरपी की महिला पुलिसकर्मियों ने स्टेशन परिसर में मौजूद महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा संबंधी अधिकारों व हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी देकर जागरूक किया।

अभियान के दौरान महिलाओं को नारी सुरक्षा, नारी सम्मान और नारी स्वावलंबन के उद्देश्य से राज्य सरकार द्वारा संचालित हेल्पलाइन नंबरों के बारे में बताया गया। महिला पुलिसकर्मियों ने 1090 वीमेन पावर लाइन,1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन,181 महिला हेल्पलाइन,112 पुलिस आपातकालीन सेवा तथा साइबर अपराध से संबंधित सहायता सेवाओं की जानकारी देते हुए पंपलेट भी वितरित किए।

जीआरपी के थाना प्रभारी जीतेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि महिला सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान निरंतर चलाया जा रहा है, ताकि जरूरत पड़ने पर महिलाएं तत्काल सहायता प्राप्त कर सकें।

error: Content is protected !!