अजीत पार्थ न्यूज बस्ती
जनपद के अधिकांश पेट्रोल पंपों पर बुधवार के दिन में उपभोक्ताओं की लंबी कतारें देखीं गईं। जिसमें से आरकेबीके पेट्रोल पंप कंपनीबाग, पांडेय पेट्रोल पंप महिला अस्पताल, गिदही,दसकोलवा, हरैया क्षेत्र के अधिकतर पेट्रोल पंप तथा हाईवे पर स्थित पेट्रोल पंपों पर दो पहिया वाहनों सहित चार पहिया वाहनों की लंबी कतारें देखीं गईं। इसी के साथ-साथ कुछ लोग अफवाह के तहत गैलनों में डीजल और पेट्रोल भरवाते देखे गए।

उपभोक्ताओं के मुताबिक कुछ पेट्रोल पंपों पर दो पहिया वाहनों में मात्र 100 रुपये का पेट्रोल डाला जा रहा था जबकि चार पहिया वाहनों में 1000 रुपये मूल्य तक के पेट्रोल एवं डीजल उपलब्ध कराए जा रहे थे। इसी के साथ कुछ पेट्रोल पंप ड्राई दिखे, जिसमें से ओमप्रकाश रामप्रकाश पेट्रोल पंप जीआईसी, पाकड़डांड़ सहित तमाम पंपों पर नो पेट्रोल-डीजल का बोर्ड लगा हुआ पाया गया।

हमारे कलवारी संवाददाता के अनुसार जिले में पेट्रोल और डीजल की कमी को लेकर फैली अफवाह नें बुधवार को कई इलाकों में अफरा-तफरी का माहौल पैदा कर दिया। गंगऊपुर स्थित आरडी ऑटोमोबाइल पेट्रोल पंप और छरदही क्षेत्र के भारत पेट्रोलियम पेट्रोल पंप पर अचानक भारी भीड़ उमड़ पड़ी, जिससे हालात कुछ समय के लिए बेकाबू हो गए।
गंगऊपुर स्थित आरडी ऑटोमोबाइल पेट्रोल पंप पर बड़ी संख्या में लोग ईंधन भरवाने के लिए पहुंच गए। देखते ही देखते लंबी कतारें लग गईं और धक्का-मुक्की की स्थिति उत्पन्न हो गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा और भीड़ को नियंत्रित किया। पुलिस की निगरानी में लाइन व्यवस्था लागू कर ईंधन का वितरण कराया गया, जिसके बाद हालात धीरे-धीरे सामान्य हो सका।
वहीं, छरदही स्थित भारत पेट्रोलियम पेट्रोल पंप पर भी लोगों की भारी भीड़ उमड़ी, जिससे अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा और अव्यवस्था के बीच लोग किसी तरह ईंधन भरवाते नजर आए।
उक्त मामले में प्रशासन नें स्पष्ट किया है कि जनपद में पेट्रोल और डीजल की कोई कमी नहीं है। अधिकारियों ने लोगों से अपील किया है कि वह किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और शांति एवं संयम बनाए रखें।


