सरयू नदी में डूबे युवक का शव दूसरे दिन एसडीआरएफ नें किया बरामद,बकरीद का त्यौहार मातम में बदला

अजीत पार्थ न्यूज संवाददाता कलवारी बस्ती

बुधवार की शाम को साथियों के साथ सरयू नदी में नहाते समय लापता हुए युवक का शव गुरुवार की दोपहर करीब 3 बजे एसडीआरएफ की टीम की रेस्क्यू के दौरान घटनास्थल से 2 किलोमीटर पूरब बरामद हुआ। शव मिलने की सूचना पर थाना अलीगंज जनपद अंबेडकर नगर की पुलिस द्वारा कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

उल्लेखनीय है कि बुधवार की शाम करीब साढ़े चार बजे बस्ती जनपद के कलवारी थाना अंतर्गत ग्राम कलवारी मुस्तहकम निवासी सुहेल अहमद 24 पुत्र मोहम्मद शमीम, सुहेल 21 पुत्र महबूब अली, आरिफ 22 पुत्र फारूक एवं नूर मोहम्मद 23 पुत्र जलालुद्दीन बाइक पर सवार होकर सरयू नदी में नहाने के लिए घर से निकले। यह लोग टांडा पुल पर बाइक खड़ी करने के बाद तरबूज,खरबूज की खेती करने वाले किसानों के द्वारा पुल पर लगाए गए बांस की सीढ़ी के सहारे नीचे नदी के पाट पर उतर गए। इसी सीढ़ी से किसान अपना तरबूज और खरबूज ऊपर पुल तक ले जाते हैं। नीचे पहुंचने के बाद पुल से पूरब जाकर चारो युवक टांडा की तरफ नदी में नहाने के लिए गए।

आरिफ व नूर मोहम्मद के अनुसार जैसे ही हम लोग नदी पर पहुंचे तुरंत ही सुहेल पुत्र मोहम्मद शमीम कपड़े उतार कर नहाने चला गया हम लोग जब कपड़े उतारने के बाद नदी में नहाने गए तब तक सुहेल डूबने लगा। उसे बचाने के लिए नूर मोहम्मद गया, लेकिन गहराई अधिक होने के कारण बचा नहीं सका। हम लोगों नें शोर मचाया तो आसपास खेती करने वाले किसान पहुंचे तब तक वह पानी में डूब चुका था। उसके बाद सभी ने अपने-अपने घर फोन कर घटना की जानकारी दिया। इधर घर पर बकरीद की तैयारी चल रही थी, घटना की जानकारी मिलते ही आनन-फानन में परिजन नदी के घाट पर पहुंचे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार विगत 4 वर्ष पूर्व मृतक सुहेल अहमद के पिता मोहम्मद शमीम की मौत हो चुकी है। पिता के मौत के बाद घर का बड़ा बेटा होने के कारण सुहेल अहमद परिवार की परवरिश के लिए हैदराबाद कमाने चला गया था और कुछ दिन बाद अपने 20 वर्षीय छोटे भाई तुफैल अहमद को भी बुला लिया था।

दोनों की मेहनत से परिवार की आर्थिक स्थिति सुधरने लगी इसी बीच सुहेल का विवाह भी तय हो गया था । बुधवार को पिता की चौथी बरसी मनाकर नहाने के दौरान वह लापता हो गया था। सुहेल का शव मिलने पर मां ताहिरा खातून,भाई शाहिद, शोएब व बहन आरिफा का रो-रोकर बुरा हाल है।

error: Content is protected !!