अजीत पार्थ न्यूज बस्ती
जनपद के रुधौली थाना अंतर्गत नगर पंचायत के बालेश्वरी सिंह नगर वार्ड में बुधवार की दोपहर करीब दो बजे अचानक हड़कंप मच गया। सूचना के अनुसार मात्र 50 मीटर की दूरी पर एक युवक एवं युवती का शव अरंडी एवं अमरूद के पेड़ के सहारे लटका हुआ मिला। उक्त घटना से गांव में सनसनी फैल गई। सूचना के बाद मौके पर पहुंचे स्थानीय पुलिस युवक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जबकि युवती के शव को परिजन बगैर किसी को बताए अपने घर लेकर चले गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार उक्त वार्ड निवासी राहुल शर्मा 19 पुत्र गयादीन शर्मा का शव अपने घर से मात्र पचास मीटर की दूरी पर अरंडी के पेड़ के सहारे लटका हुआ मिला, जबकि वार्ड निवासी युवती नीरू चौहान 20 पुत्री बाबू राम चौहान का शव अमरुद के पेड़ पर फाँसी के फंदे से लटका हुआ प्राप्त हुआ।
थानाध्यक्ष संजय कुमार दुबे के अनुसार दोनों के मोबाइल कॉल डिटेल की जांच की जा रही है, साथ ही अन्य साक्ष्य संकलन किया जा रहा है। शीघ्र घटना के संबंध में खुलासा कर दिया जाएगा। मृतक राहुल अपने चार भाइयों में तीसरे नंबर का था, जबकि नीरु अपने भाई बहनों में सबसे छोटी थी। उक्त घटना के संबंध में क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं व्याप्त हैं, फिलहाल परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।


