गंभीर हालत में चार लोग जिला अस्पताल रेफर
सुनील कुमार उपाध्याय (महादेवा बस्ती)
जनपद के लालगंज थाना अंतर्गत लालगंज स्थित मनोरमा कुआनों पुल पर शनिवार की देर रात मूर्ति विसर्जन के दौरान दो गांवों के लोगों के बीच मारपीट हो गई। जिसमें एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। गंभीरावस्था में उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया जहां पर चार लोगों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार स्थानीय थाना क्षेत्र के शोभनपार ग्राम निवासी कुछ लोग अपने गांव की मूर्ति विसर्जन हेतु लालगंज पुल पर लेकर गए थे। यह लोग प्रतिमा विसर्जन के बाद डीजे बजाकर नृत्य कर रहे थे, तभी थाना क्षेत्र के नेवारी ग्राम पंचायत के केवटहिया पुरवे के निवासी अपनी मूर्ति लेकर पहुंच गए और उक्त लोगों से कहा कि आप लोग यहां से अपनी ट्राली हटा लें हम लोग आरती करने के पश्चात मूर्ति विसर्जन करेंगे। इसी दौरान दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। सूत्रों के अनुसार कहासुनी के दौरान शोभनपार के लोग केवटहिया के लोगों भारी पड़े। मामला रफा दफा होने के बाद केवटहिया के लोग पहले ही लालगंज महादेवा मार्ग पर बसे गौरा धुंधा ग्राम के पास आकर ईंट-पत्थर इकट्ठा कर लाठी डंडों से लैश होकर विसर्जन कर वापस आ रहे शोभनपार के लोगों पर हमला बोल दिया। इस दौरान कुल तेरह लोग घायल हो गए। जिसमें शोभनपार ग्राम निवासी ओरीलाल, रामशब्द, रिंकू एवं जमुना प्रसाद को गंभीरावस्था में जिला अस्पताल बस्ती रेफर कर दिया गया। शेष नौ लोगों को इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दिया गया।
सूचना पर मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष लालगंज जितेंद्र सिंह को घटनास्थल से काफी मात्रा में ईंट पत्थर प्राप्त हुए हैं।