अजीत पार्थ न्यूज बनकटी बस्ती
उत्तर प्रदेश संस्कृत संस्थान का प्रतिष्ठित वेद पंडित पुरस्कार बस्ती जनपद के लालगंज थाना अंतर्गत ठोकवा ग्राम निवासी पंडित शिवम मिश्र को प्राप्त हुआ है।
उल्लेखनीय है कि उक्त पुरस्कार के लिए परीक्षा लखनऊ में विगत 12 जनवरी को आयोजित की गई थी, जिसका परिणाम शुक्रवार को जारी किया गया। परिणाम के अनुसार विश्व भारती पुरस्कार 2022 मध्य प्रदेश राज्य के जबलपुर निवासी प्रो. रहसबिहारी द्विवेदी को दिया गया है। इसी के साथ वेद पंडित पुरस्कार भास्कर तिवारी व विवेक मिश्र गोरखपुर, पं.शिवम मिश्र बस्ती एवं विविध पुरस्कार के लिए गोरखपुर की रंजनलता को चयनित किया गया है।
उक्त पुरस्कारों के लिए सम्पूर्ण प्रदेश से दस अभ्यर्थियों का चयन किया गया है। प्रत्येक विजेता को 51 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। संस्थान की तरफ से प्रत्येक वर्ष विभिन्न क्षेत्रों में पचास पुरस्कारों का वितरण किया जाता है। इसमें विश्वभारती, महर्षि वाल्मीकि, महर्षि व्यास, महर्षि नारद व विशिष्ट पुरस्कार शामिल हैं। पुरस्कार विजेता पं.शिवम मिश्र के अनुसार उनकी प्राथमिक शिक्षा वाराणसी स्थित श्रीकाशी विश्वनाथ वेद विद्यालय मीर घाट से तथा वेद विषय में शास्त्री की शिक्षा काशी हिन्दू विश्वविद्यालय से प्राप्त किया है। वर्तमान समय में वह महाराष्ट्र राज्य के नासिक जनपद अन्तर्गत वेद वेदांग संस्कृत महाविद्यालय पंचवटी में बतौर शिक्षक अपनी सेवाएं प्रदान कर रहे हैं। पं.शिवम मिश्र के पुरस्कार प्राप्त करने से क्षेत्र में हर्ष की लहर व्याप्त है।