∆∆•• मां-बाप की मौत के बाद अकेलेपन का जीवन जी रहा था कलवारी क्षेत्र का युवक
अजीत पार्थ न्यूज बस्ती
जनपद के कलवारी थाना अंतर्गत फेटवा ग्राम निवासी दुर्गेश उपाध्याय 30 नें शुक्रवार को टांडा पुल से सरयू नदी में छलांग लगा दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। सूचना पर मौके पर पहुंची कलवारी पुलिस नें तत्परता दिखाते हुए स्थानीय गोताखोरों की मदद से घटना के कुछ देर बाद ही दुर्गेश उपाध्याय के शव को बरामद कर लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक दुर्गेश उपाध्याय अविवाहित थे और विगत पांच वर्षों से गुजरात के अहमदाबाद में प्राइवेट नौकरी करके जीवन यापन करते थे। सूचना के अनुसार छः माह पूर्व वह घर आए हुए थे। किंतु इस बार घर आने की जानकारी किसी को नही थी। उनके माता पिता की मौत पहले ही हो चुकी है। एकांकी जीवन जी रहे मृतक दुर्गेश उपाध्याय शुक्रवार को ही अहमदाबाद से आए थे, वह बस से सीधे टाण्डा पुल के पास उतरे और अपना सामान झाड़ी के पास रखकर वह उफनती सरयू नदी में छलांग लगा दिए।
जानकारी के अनुसार लुम्बनी दुद्धी मार्ग पर बस्ती जनपद को अम्बेडकर नगर से जोड़ने वाले कलवारी थाना क्षेत्र के माझा खुर्द घाट स्थित सरयू नदी पर बना कलवारी टाण्डा पुल से विगत तीन दिनों में तीन लोगों नें नदी में छलांग लगाकर आत्महत्या कर लिया। इसमे एक पुरुष व एक किशोरी तथा एक वृद्ध महिला शामिल है।
विदित हो कि एक दिन पूर्व शाम चार बजे कलवारी थाना क्षेत्र के चनगहिया (कलवारी मुस्तहकम) ग्राम निवासी इंटरमीडिएट की छात्रा 16 वर्षीया पूजा यादव नें नदी में छलांग लगा दिया था। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर स्थानीय गोताखोरों के अलावा एसडीआरएफ के जवान पिछले तीन दिनों से सरगर्मी से पूजा की तलाश कर रहे हैं। अभी पूजा तो नही मिली लेकिन रविवार सुबह एक अज्ञात वृद्ध महिला नें भी नदी में छलांग लगा दिया। उसकी खोजबीन जारी है। तीन दिन में दो घटना हो जाने से पुल के पास अफरातफरी का माहौल बना हुआ था। लगातार तीन घटना होने से क्षेत्रवासी दहशत में हैं। क्षेत्र में शोक का माहौल है। क्षेत्रवासियों ने पुल के दोनों तरफ की रेलिंग पर जाल लगाए जाने की मांग की है।
इस सम्बन्ध में थानाध्यक्ष कलवारी भानु प्रताप सिंह ने बताया कि मृतक युवक दुर्गेश का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया गया है एवं एक किशोरी व अन्य महिला की खोज जारी है।