अजीत पार्थ न्यूज संवाददाता बस्ती
बहुजन समाज पार्टी के कद्दावर नेता एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री राजकिशोर सिंह व उनके भाई पूर्व दर्जा प्राप्त मंत्री बृज किशोर सिंह ‘डिंपल’ को बहुजन समाज पार्टी नें पार्टी विरोधी गतिविधियों में लिप्त होने के कारण रविवार को निष्कासित कर दिया है। उक्त जानकारी बसपा के जिलाध्यक्ष जय हिंद गौतम नें जारी प्रेस विज्ञप्ति में दी है।
उल्लेखनीय है कि प्रदेश के सबसे कम उम्र के कैबिनेट मंत्री बने राजकिशोर सिंह बहुजन समाज पार्टी से साल 2002 में हरैया विधानसभा क्षेत्र से पहला चुनाव जीते थे, और बसपा नें उन्हें उद्यान विभाग का कैबिनेट मंत्री बनाया था। उसके बाद वह समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए थे। 2017 के चुनाव के पहले समाजवादी पार्टी द्वारा उनको निष्कासित कर दिया गया था। साल 2019 के लोकसभा चुनाव में राज किशोर सिंह नें बस्ती लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस पार्टी से किस्मत आजमाया था, चुनाव हारने के बाद वह पुनः बसपा में शामिल हो गए थे। उल्लेखनीय है कि रविवार को महाराष्ट्र सरकार के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उनकी पूरी कैबिनेट अयोध्या दर्शन करने आई हुई थी। जिसमें राज किशोर सिंह के छोटे भाई बृजकशोर सिंह डिंपल नें बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया था। राज किशोर सिंह के करीबियों के मुताबिक एकनाथ शिंदे और राज किशोर सिंह में काफी नजदीकियां हैं। डिंपल द्वारा महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री के अभूतपूर्व स्वागत किया गया था जिसको लेकर दोपहर से ही कयास लगाया जा रहा था कि संभवतः पूर्व मंत्री बंधु बसपा से निष्कासित कर दिए जाएंगे और शाम तक खबर आ गई की दोनों लोग बसपा से निष्कासित कर दिए गए हैं। आगामी लोकसभा चुनाव में राज किशोर सिंह सत्तारूढ़ दल अथवा उसके सहयोगी दल में शामिल होकर किस्मत आजमाना चाहते हैं।