अजीत पार्थ न्यूज संवाददाता महादेवा बस्ती
श्रावण मास के अंतिम दिन रक्षाबंधन पर्व पर जनपद के लगभग सभी चौक-चौराहे जाम के झाम से हांफते हुए नजर आए। हर तरफ दो पहिया एवं चार पहिया वाहनों का रेला दिखाई दिया। उल्लेखनीय है कि विगत कुछ वर्षों से रक्षाबंधन पर्व पर बहनों द्वारा भाई को राखी बांधे जाने की परंपरा के दृष्टिगत आवागमन का प्रसार अत्यधिक बढ़ा हुआ है, जिसका असर रक्षाबंधन पर्व के एक दिन पूर्व से लेकर, एक दिन बाद तक सड़कों पर देखा जा रहा है। महिलाएं सज-धजकर अपने भाइयों के हाथों पर राखी बांधने के लिए दो पहिया एवं चार पहिया वाहनों पर सवार होकर अपने परिजनों के साथ आती-जाती हुई देखी जा रही है। चूंकि उक्त पर्व पर राखी एवं मिठाई की भी अपनी भूमिका है, इस कारण मिठाई बेचने वाले दुकानदार चौराहों की सड़कों की पटरियों पर दीपावली की तरह अपनी दुकानों को सजाकर रखते हैं, जिससे जाम की स्थिति बनने में अत्यधिक भूमिका देखी जा रही है।
शनिवार को लालगंज थाना क्षेत्र के महादेवा चौराहे पर पूरे दिन जाम की विकट स्थिति बनीं रही। लालगंज मार्ग से लेकर मुंडेरवा मार्ग तथा बस्ती-महुली मार्ग सहित चारों सड़कों पर वाहनों का रेला दिखाई पड़ा और उक्त जाम में लोग अपने वाहनों के साथ रेंगते हुए नजर आए। इस दौरान पुलिस लाचार होकर दिन भर हलकान रही।


