कोहरे के कारण दो वाहनों में हुई आमने-सामने भिड़ंत, कार पेड़ से टकराई, युवक की हुई दर्दनाक मौत

अजीत पार्थ न्यूज बस्ती

जनपद के गौर थाना अंतर्गत बलुआ समय माता मंदिर के निकट शुक्रवार की देर रात हुए एक भीषण सड़क हादसे में कार सवार एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। जबकि कार में बैठा दूसरा युवक सुरक्षित बताया जा रहा है।

फाइल फोटो- मृतक करुणेश सिंह उर्फ डब्लू 

प्राप्त जानकारी के अनुसार गौर थाना क्षेत्र के शिवपुर ग्राम निवासी करुणेश सिंह उर्फ डब्लू 45 पुत्र सजीवन सिंह इसी थाना क्षेत्र के आमा ग्राम निवासी दीपक कुमार सिंह पुत्र स्व.राम सिंह के साथ वैगन आर कार से शुक्रवार को महाराजगंज जनपद में कुछ निजी कार्य के लिए गए हुए थे। शुक्रवार की देर रात में दोनों लोग वापस घर लौट रहे थे। यह लोग अभी

गौर-वाल्टरगंज मार्ग पर स्थित प्रसिद्ध बलुआ समय माता मंदिर के निकट कुआनो नदी पर स्थित पुल के पास पहुंचे थे। नदी के आसपास कोहरे का असर अधिक होने के कारण साफ दिखाई नहीं दे रहा था। जब कार सवार दोनों लोग मंदिर के पास पहुंचे तो अचानक विपरीत दिशा से आ रहे अज्ञात वाहन नें उनके कार में जोरदार टक्कर मार दिया, जिससे कार अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे पेड़ से टकरा गई।

हादसे में कार का अगला हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में करुणेश सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर पहुंचे राहगीर अभिषेक सिंह द्वारा उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया,जहां पर चिकित्सक नें उन्हें मृत घोषित कर दिया।

जबकि कार सवार दीपक कुमार सिंह सुरक्षित बताए जा रहे हैं। हादसे की खबर सुनते ही गांव में कोहराम मच गया। चौकी प्रभारी टिनिच श्रीहरि राय टीम के साथ मौके पर पहुंचे और कार को सड़क से किनारे कराया और जांच पड़ताल शुरू कर दिया।

error: Content is protected !!