अजीत पार्थ न्यूज एजेंसी
रामनगरी अयोध्या में बुधवार की देर रात एक दर्दनाक हादसा प्रकाश में आया। सूचना के अनुसार सरयू नदी के किनारे सेल्फी और रील बनाने के दौरान बस्ती जनपद का एक युवक तेज धारा में बह गया। उक्त घटना पुराने सरयू पुल के नीचे बनें जेटी पर रात करीब 2 बजे की बताया जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आदर्श सिंह 20 पुत्र अप्पू सिंह निवासी ग्राम झखरिया, थाना पैकोलिया, जनपद बस्ती अपने मौसी के लड़के के साथ सरयू तट पर घूमने आया हुआ था। बताया जा रहा है कि युवक मोबाइल से फोटो और वीडियो शूट कर रहा था। इसी दौरान जेटी के फिसलन भरे किनारे पर उसका पैर अचानक फिसल गया और वह तेज बहाव वाली सरयू नदी में जा गिरा।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, साथी युवक नें शोर मचाया तो घाट पर मौजूद सुरक्षाकर्मी और स्थानीय लोग मौके की तरफ दौड़े। सूचना मिलते ही जल पुलिस और एसडीआरएफ की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और देर रात से ही सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया। तेज बहाव और अंधेरे के कारण राहत एवं बचाव कार्य में काफी कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है।

प्रशासन नें श्रद्धालुओं और युवाओं से अपील की है कि नदी,पुल और घाटों के खतरनाक किनारों पर जाकर सेल्फी या रील बनाने का जोखिम न उठाएं। एक छोटी सी लापरवाही कभी-कभी जिंदगी भर का दर्द दे जाती है।


