बेटे की मौत का गम नहीं सह पाया पिता, एक साथ निकली पिता-पुत्र की शवयात्रा, परिजनों के चीत्कार से हर कोई हुआ गमगीन 

अजीत पार्थ न्यूज बस्ती

जनपद के लालगंज थाना अंतर्गत बृहद ग्राम बानपुर में एक दिल दहला देने वाला मामला प्रकाश में आया है। काल का क्रूर चक्र एक परिवार को जिंदगी भर का दंश दे गया। विधि का विधान ऐसा कि घर के दरवाजे से एक साथ पिता-पुत्र की शवयात्रा निकली तो परिजनों की सिसकियों एवं करुणक्रंदन से पूरे गांव का मंजर मातम से भर गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार उक्त ग्राम निवासी सुनील कुमार पुत्र तित्तिल उर्फ बलिराम मेहनत मजदूरी के सिलसिले में गोरखपुर शहर गया हुआ था। विगत गुरुवार को गोरखपुर में हुए एक भयंकर दुर्घटना में सुनील की दर्दनाक मौत हो गई थी। शुक्रवार की देर रात सुनील का शव पोस्टमार्टम के बाद बानपुर ग्राम में आया तो परिवार वालों के करुण क्रंदन से पूरे गांव में मातम पसर गया।

इस दौरान मृत पड़े हुए पुत्र का शव देखकर उसके पिता तित्तिल उर्फ बलिराम की भी तबियत खराब हो गई और शनिवार की सुबह पुत्र के मौत के सदमे में उनकी भी मौत हो गई। उक्त घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गया। इस दौरान मौके पर पहुंचे ग्रामीणों एवं रिश्तेदारों द्वारा शोकाकुल परिजनों का सहयोग करते हुए मृतक पिता-पुत्र की शव यात्रा एक साथ निकाली गई। जिसे देखकर मौके पर मौजूद हर कोई रो पड़ा।

फिलहाल उक्त घटना की क्षेत्र में बृहद चर्चा है। ग्रामीणों के अनुसार इस तरह की घटनाएं बहुत कम सुनने को मिलती हैं। एक ही घर में दो लोगों की असामयिक मौत से परिवार पर दु:खों का पहाड़ टूट पड़ा है।

error: Content is protected !!