संदिग्ध परिस्थिति में थानाध्यक्ष का सरकारी आवास में लटका हुआ मिला शव

अजीत पार्थ न्यूज बस्ती

जनपद में शनिवार का दिन पुलिस महकमे के लिए काला दिन साबित हुआ। लालगंज थाने में तैनात महिला सिपाही की मौत के बाद शनिवार की शाम करीब पौने सात बजे वाल्टरगंज थाने में तैनात थानाध्यक्ष उपनिरीक्षक सूर्य प्रकाश सिंह का शव कोतवाली थाना क्षेत्र के जिलाधिकारी परिसर के बगल बने हुए सरकारी आवास में संदिग्ध परिस्थिति में पंखे से लटका हुआ पाया गया। कमरे का दरवाजा तोड़ने पर थानाध्यक्ष का शव फांसी के फंदे पर लटका हुआ देखकर मौके पर हड़कंप मच गया।

इस दौरान पुलिस विभाग के आला अधिकारी फॉरेंसिक टीम के साथ थाना प्रभारी सूर्य प्रकाश सिंह के सरकारी आवास के कमरे में पहुंचे और गहनता से जांच शुरू कर दिया। फिलहाल थानाध्यक्ष नें किन परिस्थितियों में उक्त कदम उठाया है, इसकी जानकारी नहीं मिल पाई है। घटना के बाद पुलिस मामले की विधिवत जांच कर रही है। उक्त घटना की जानकारी थानाध्यक्ष के परिजनों को मिलने पर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

उनके करीबियों के मुताबिक सबइंस्पेक्टर सूर्य प्रकाश सिंह काफी मिलनसार स्वभाव के व्यक्ति थे। घटना के बाद मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकांत सहित कई क्षेत्राधिकारी मामले की गहन पड़ताल कर रहे हैं। विभागीय लोगों के मुताबिक वह अपनी कार्यकुशलता के कारण कई बार सम्मानित हो चुके थे।

मृतक थानाध्यक्ष सूर्य प्रकाश सिंह 57 पुत्र स्व.उमाशंकर सिंह आजमगढ़ जनपद के अतरौलिया थाना अंतर्गत भीलमपुर छपरा ग्राम निवासी थे। वह सिद्धार्थनगर जनपद से ट्रांसफर होने के बाद बस्ती आए थे। विगत चार माह पूर्व पुलिस अधीक्षक के पीआरओ पद पर उनकी तैनाती थी। उसके बाद उन्हें थानाध्यक्ष वाल्टरगंज बनाया गया था।

सूत्रों के अनुसार शनिवार की दोपहर करीब एक बजे थानाध्यक्ष सूर्य प्रकाश सिंह अपने हमराहियों के साथ बस्ती शहर में आए हुए थे। शहर में प्रवेश करने के पश्चात वह कटरा पानी की टंकी के पास उतरकर अपने आवास पर आराम करने की बात कहकर चले गए थे और हमराहियों को सिविल लाइन चौकी पर रुकने के लिए कहा था। शाम को करीब चार-पाँच घंटे बाद हमराहियों नें उन्हें फोन किया तो उनके मोबाइल पर कॉल रिसीव नहीं हुआ। इसकी जानकारी हमराहियों द्वारा प्रभारी पुलिस चौकी सिविल लाइन को दिया गया। इसके बाद पुलिस हरकत में आई और उनकी तलाश शुरू किया गया।

तलाशी के बाद वह अपने सरकारी आवास के एक कमरे में पंखे के सहारे लटके हुए पाए गए। घटना की जानकारी होने पर पुलिस उपमहानिरीक्षक बस्ती परिक्षेत्र संजीव त्यागी एवं पुलिस अधीक्षक डॉक्टर यशवीर सिंह ने मौके का निरीक्षण किया।

थानाध्यक्ष के मोबाइल का स्टेटस बढ़ा रहा है सवाल…?

मृतक थानाध्यक्ष सूर्य प्रकाश सिंह नें शनिवार को अपने मोबाइल पर स्टेटस लगाया था… “धन संपदा से बढ़कर है, प्रेम और स्नेह “ जो काफी सवाल खड़ा कर रहा है। सूत्रों के मुताबिक घटना के पहले उनकी, उनके परिजनों से कई चरणों में मोबाइल पर वार्ता हुई है, उसके बाद उन्होंने घटना कारित किया है, जो कि जांच का विषय है।

error: Content is protected !!