कांग्रेस पार्टी के प्रदर्शन में गए युवा नेता प्रभात पांडेय की हुई मौत, कार्यकर्ताओं नें मांगा एक करोड़ का मुआवजा

अजीत पार्थ न्यूज एजेंसी

उत्तर प्रदेश विधानसभा का घेराव करने के लिए बुधवार को राजधानी लखनऊ में किए गए प्रदर्शन में कांग्रेस के एक कार्यकर्ता की मौत हो गई। उक्त कार्यकर्ता प्रभात पांडेय गोरखपुर जनपद से प्रदर्शन में शामिल होने के लिए लखनऊ आए हुए थे। उनके शव को सिविल अस्पताल ले जाया गया। जहां कुछ देर बाद कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय भी पहुंचे। अजय राय के बाद उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक भी सिविल अस्पताल पहुंचे।

वहीं, विधानसभा का घेराव करने के लिए लखनऊ कूच की तैयारी में लगे कांग्रेस नेताओं को बुधवार को प्रदेश के अलग-अलग जिलों में ही रोक लिया गया और वरिष्ठ नेताओं को नजरबंद कर दिया गया। लखनऊ में पार्टी कार्यालय पर पहुंचे कांग्रेसियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया और ईको गार्डेन में जाकर छोड़ दिया। वहीं, जिन नेताओं ने भी विधान भवन पहुंचने का प्रयास किया पुलिस ने उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया। घेराव करने जा रहे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। धक्का-मुक्की के दौरान वो कुछ देर के लिए वह बेहोश हो गए। प्रदर्शन से लौटने के बाद अजय राय सिविल अस्पताल पहुंचे।

इसके पहले बुधवार सुबह जैसे ही कांग्रेसी नेताओं का लखनऊ पहुंचना शुरू हुआ। उन्हें रोकने के लिए जिलों में कांग्रेस नेताओं को हाउस अरेस्ट किया जा रहा है और जगह-जगह बैरिकेडिंग कर दी गई। लखनऊ में कांग्रेस कार्यालय के बाहर आरएएफ (रैपिड एक्शन फोर्स) के जवानों की तैनाती कर दी गई। कांग्रेस कार्यालय के बाहर मौजूद नेताओं की गिरफ्तारी की तैयारी शुरू कर दी गई।

इसके पहले कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि हमारे कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए नुकीली बैरिकेडिंग की गई है। ये ‘भाले’ हमारे कार्यकर्ताओं को गंभीर चोट पहुंचाएंगे। ऐसा पहली बार हो रहा है। ये सरकार हमारे कार्यकर्ताओं को मारना चाहती है। गाजीपुर बॉर्डर पर हमारे कार्यकर्ताओं को रोका जा रहा है लेकिन हम इस सबके बाद भी विधानसभा में प्रवेश करेंगे। इस बीच पुलिस ने प्रदेश अध्यक्ष अजय राय, निवर्तमान प्रदेश महासचिव संगठन अनिल यादव, दिनेश सिंह सहित दो दर्जन से ज्यादा वरिष्ठ नेताओं को नोटिस भेजा है। इन नेताओं के घर पर शाम से ही पुलिस का पहरा लगा दिया।

उल्लेखनीय है कि मृतक प्रभात पांडेय यूथ कांग्रेस गोरखपुर के पूर्व जिला महासचिव थे। उनके निधन पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं नें एक करोड़ रुपये का मुआवजा सहित परिवार के एक सदस्य के लिए नौकरी की मांग किया है। युवा नेता के असामयिक मौत से उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक नें शोक संवेदना व्यक्त करते हुए कहा है कि पीड़ित परिवार के साथ उनकी पूरी संवेदना है, सरकार मामले की जांच कर अग्रिम कार्रवाई करेगी।

error: Content is protected !!