अजीत पार्थ न्यूज एजेंसी
जनपद जालौन के बहुचर्चित कुठौंद थाना प्रभारी इंस्पेक्टर अरुण कुमार राय हत्याकांड में आरोपी महिला आरक्षी मीनाक्षी शर्मा को उच्च न्यायालय इलाहाबाद नें याचिका मंजूर करते हुए जमानत दे दिया है। न्यायमूर्ति समीर जैन की एकल खंडपीठ नें मामले के गुण-दोष के आधार पर आरोपी महिला आरक्षी की जमानत याचिका को मंजूर कर लिया है। करीब सात माह से न्यायिक हिरासत में कारागार में निरुद्ध मीनाक्षी शर्मा को अब आवश्यक कानूनी प्रकियाएं पूर्ण करने के पश्चात जेल से रिहाई हो जाएगी।

फाइल फोटो-मृतक इंस्पेक्टर अरुण कुमार राय
उल्लेखनीय है कि विगत 5 दिसंबर 2025 को जालौन जनपद के कुठौंद थाने में तैनात तत्कालीन थाना प्रभारी अरुण कुमार राय की संदिग्ध परिस्थितियों में सरकारी पिस्टल से गोली लगने के कारण दर्दनाक मौत हो गई थी। घटना के अगले दिन मृतक इंस्पेक्टर की पत्नी माया राय की तहरीर पर जनपद मेरठ निवासी महिला सिपाही मीनाक्षी शर्मा के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया गया था।

फाइल फोटो- आरोपी महिला सिपाही मीनाक्षी शर्मा
जालौन पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए विवेचना के बाद सात दिसंबर को आरोपी मीनाक्षी शर्मा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। बाद में जिला कारागार में अन्य बंदियों से हुए विवाद के चलते सुरक्षा कारणों से उसे झांसी जिला जेल स्थानांतरित कर दिया गया था।
इलाहाबाद हाईकोर्ट में 4 मई 2026 को दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद कोर्ट नें 22 जुलाई को जमानत मंजूर करने का फैसला सुनाया। इस सनसनीखेज हत्याकांड में पुलिस अपनी विवेचना पूरी कर आरोपी मीनाक्षी शर्मा के विरुद्ध 383 पन्नों की विस्तृत चार्जशीट जिला एवं सत्र न्यायालय में दाखिल किया है।
अभियोजन पक्ष नें मामले को मजबूत करने के लिए 39 गवाहों को सूचीबद्ध किया है, जिनमें पुलिस अधिकारी, फॉरेंसिक विशेषज्ञ और प्रत्यक्षदर्शी शामिल हैं। इसके साथ ही फॉरेंसिक साइंस लैब की रिपोर्ट, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और इलेक्ट्रॉनिक-तकनीकी साक्ष्यों को भी चार्जशीट का आधार बनाया गया है।
हाईकोर्ट से जमानत मिलने के बावजूद इस चर्चित हत्याकांड का कानूनी ट्रायल जिला एवं सत्र न्यायालय में लगातार जारी रहेगा। जमानत केवल कानूनी औपचारिकता के तहत रिहाई का जरिया है, जबकि अभियुक्त के दोषी या निर्दोष होने का अंतिम फैसला ट्रायल कोर्ट में साक्ष्यों और गवाहों के बयानों के आधार पर ही तय होगा। फिलहाल, जमानत का परवाना जिला अदालत पहुंचने के बाद मीनाक्षी शर्मा की झांसी जेल से रिहाई की विधिक प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
मृत इंस्पेक्टर अरुण कुमार राय संत कबीर नगर जनपद के धनघटा थाना अंतर्गत रजनौली ग्राम के मूल निवासी थे तथा उनकी ससुराल बस्ती जनपद के विकास खंड बनकटी में है। इंस्पेक्टर अरुण कुमार राय का परिवार वर्तमान समय में गोरखपुर जनपद के गोरखनाथ थाना क्षेत्र में निवास करता है।


