अजीत पार्थ न्यूज
बाग में दो मासूम बच्चों तथा पत्नी के बिखरे हुए शवों के साथ पेड़ से लटका हुआ पति का शव, यह मंजर इतना दर्दनाक था, कि प्रत्यक्षदर्शियों का कलेजा मुंह को आ रहा था। ताजा मामला बलिया जनपद के बांसडीह थाना क्षेत्र के देवडीह गांव का है। जहां पर एक दिल दहलाने वाली घटना हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार एक व्यक्ति नें अपनी पत्नी और दो मासूम बच्चों की निर्मम हत्या के बाद खुद भी फांसी लगाकर जान दे दी। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस नें शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। जांच के दौरान मृतक व्यक्ति के पास से एक सुसाइड नोट भी मिला है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
पुलिस अधीक्षक एस आनंद के अनुसार थाना नगरा क्षेत्र के निवासी अंकितराम नें रविवार रात करीब साढे़ दस बजे पुलिस को फोन करके बताया कि उसके जीजा बांसडीह थाना इलाका के देवडीह के रहने वाले हैं और वह अपनी पत्नी से झगड़ा कर रहे हैं। सूचना के बाद तत्काल पुलिस जब मौके पर पहुंची तो घर खाली पड़ा हुआ था। आसपास तलाश करने पर घर के सामने बगीचे में श्रवणराम का पेड़ से लटकता शव बरामद हुआ। वहीं पास में एक महिला समेत दो बच्चों के शव पड़े थे। उनकी धारदार हथियार के चोट से मौत हुई थी।
श्रवणराम की पत्नी शशिकला 35, पुत्र सूर्या 7 वर्ष एवं एक 5-6 महीने का बच्चा है। यह सभी मृत पाए गए। पुलिस अधीक्षक के मुताबिक प्रथमदृष्टया उक्त मामला आत्महत्या का दृष्टिगोचर हो है। मृतक श्रवणराम के भाई नें बताया कि बंटवारे को लेकर पहले मुकदमा चल रहा था। इस समय सब ठीक हो गया था। लेकिन घर में परिवारिक झगड़ा होता रहता था। पुलिस के अनुसार मृतका के मायके से लोग आए हैं। अभी सभी सदमे में हैं। जो तहरीर मिलेगी उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस के मुताबिक एक सुसाइड नोट मिला है। यह मृतक श्रवणराम के पास से पाया गया है। उसे फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। नोट में लिखा गया है, ‘मेरे किसी परिजन को परेशान न किया जाए। हम लोगों नें आपसी विवाद में यह कदम उठाया है।’
रविवार की देर रात बांसडीह क्षेत्र के देवडीह गांव में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत से गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। घटना के संबंध गांव का कोई भी कुछ बता नहीं रहा है। इस परिवार के बारे में पुलिस तहकीकात में लगी हुई है।