अजीत पार्थ न्यूज एजेंसी
पांच लाख रुपये के नकली नोटों के साथ पुलिस नें समाजवादी पार्टी के एक नेता सहित कुल दस लोगों को गिरफ्तार किया है।
पूरा मामला कुशीनगर जनपद का है, जहां पर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। कुशीनगर पुलिस नें नकली नोट चलाने वाले गैंग पर शिकंजा कसा है। वहीं खास बात यह है कि नकली नोटों के मामले में सपा नेता का भी हाथ सामने आया है। इस गिरोह के मास्टरमाइंड सपा नेता रफी खान समेत 10 लोगों को पुलिस नें गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस नें आरोपियों के पास से पांच लाख से ज्यादा के नकली नोट भी जब्त किए हैं। मामले में सपा नेता के गिरफ्तार होने के बाद अब राजनीतिक सरगर्मियां भी तेज होने वाली हैं।
आरोप है कि सपा के नेता रफी खान सीमा पार नेपाल से इंटरनेशनल जाली नोट चलाने वाले गैंग का संचालन कर रहा था। फिलहाल पुलिस नें सपा नेता रफी खान सहित 10 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। इसके साथ ही जाली नोटों के साथ अवैध हथियारों का जखीरा भी पुलिस नें बरामद किया है। गिरफ्तार रफी खान, समाजवादी पार्टी लोहिया वाहिनी का राष्ट्रीय सचिव बताया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि रफी खान उर्फ बबलू इस गैंग का मास्टरमाइंड था।
रफी खान का नेपाल-यूपी-बिहार व सीमावर्ती इलाकों में जाली नोट के कारोबार का नेटवर्क था। वहीं इस गैंग में शामिल एक अन्य सक्रिय सदस्य नौशाद खान भी सपा का राष्ट्रीय पदाधिकारी बताया जा रहा है। नौशाद खान समाजवादी पार्टी सांस्कृतिक प्रकोष्ठ का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष है। पुलिस की टीम ने इन सभी आरोपियों के पास से बंदूक सहित भारी मात्रा में हथियार बरामद किया है। वहीं पांच लाख से अधिक का जाली नोट भी बरामद किया गया है।
गिरफ्तार किए गए सभी दस आरोपियों की पहचान औरंगजेब, मोहम्मद रफी, नौशाद खान, परवेज इलाही उर्फ कौसर अफरीदी, शेख जमालुद्दीन, नियाजुउद्दीन उर्फ मुन्ना, रेहान खान उर्फ सद्दाम, मोहम्मद रफीक उर्फ बबलू खान, हाशिम खान, और सिराज हशमती के रूप में की गई है।